Dehradun News: घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
डालनवाला क्षेत्र में घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और नकदी चोरी की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में हसनैन उर्फ राजा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डालनवाला थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि इंदर रोड निवासी शैलेन्द्र सिंह त्यागी ने 24 जुलाई को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी का सेफ तोड़कर अज्ञात चोर लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और नगदी चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में बलबीर रोड स्थित पानी की टंकी के पास रैन बसेरे के नजदीक चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान हसनैन उर्फ राजा निवासी भगत सिंह कॉलोनी, डालनवाला के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की नगदी वह नशे में खर्च कर चुका था, जबकि रिवॉल्वर और कारतूस लोगों को डराने-धमकाने के इरादे से अपने पास रखे हुए था। पुलिस के अनुसार आरोपी उस समय भी किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
